आदेश गुप्ता बने दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष, मनोज तिवारी की जगह लेंगे
आवाम ए अजीज हिन्दी साप्ताहिक
देश की राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आदेश कुमार गुप्ता को अध्यक्ष नियुक्त किया गया, वह मनोज तिवारी का स्थान लेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को आदेश गुप्ता को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। सांसद मनोज तिवारी का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल पूरा हो गया था। लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव की वजह से उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया था
एक बार फिर बीजेपी ने दिल्ली में पार्टी की कमान के लिए पूर्वांचल से जुड़े नेता को चुना है। इससे पहले भोजपुरी इंडस्ट्री के मशहूर गायक मनोज तिवारी को बीजेपी का अध्यक्ष बनाया था तो इस बार उत्तर प्रदेश के कन्नौज में जन्मे आदेश गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिल्ली में यूपी-बिहार से आए लोगों की बड़ी आबादी है और चुनाव में उनकी भूमिका अहम होती है। मनोज तिवारी लोकसभा चुनाव और एमसीडी चुनाव में पार्टी को सफलता दिला पाए लेकिन विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा।
51 वर्षीय आदेश गुप्ता पेशे से कारोबारी हैं। 2017 नगर निगम चुनाव में उनकी ओर से दाखिल चुनावी हलफमाने के मुताबिक उनके पास 1 करोड़ 22 लाख रुपए की संपत्ति है। वह बेहद साफ सुथरी छवि के नेता हैं। 2017 के इस हलफनामे के मुताबिक उनके खिलाफ कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं है।
वेस्ट पटेलनगर से पार्षद गुप्ता इससे पहले भाजपा, युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी शंभूदयाल गुप्ता के यहां 1969 में आदेश गुप्ता का जन्म हुआ। उनकी पढ़ाई लिखाई स्थानीय स्कूल में हुई।
बीएससी की शिक्षा आदेश गुप्ता ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्विवद्यालय कानपुर से की। इसी समय गुप्ता विद्यार्थी परिषद के संपर्क में आ गए और यहां वे जिला प्रमुख से लेकर प्रदेश सहमंत्री तक रहे। इसके बाद भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री रहे। इसके बाद वह भाजपा में सक्रिय हो गए। कन्नौज से दिल्ली आकर भी वे भाजपा में जिम्मेदारियां संभालते रहे। वह 2018 में उत्तरी नगर निगम के मेयर बने।
गौरतलब है कि बीजेपी के उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के दौरान दिल्ली में चुनाव लड़ा गया। लेकिन पार्टी को दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के हाथों में जबरदस्त शिकस्त मिली। मनोज तिवारी की हाल में उस वक्त काफी किरकिरी हुई जब वह लॉकडाउन के बाजवूद सोनीपत के एक स्टेडियम में क्रिकेट खेलने चले गए। उनका वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह लोगों के बीच स्टेडियम में गाने गा रहे थे। हालांकि, मनोज तिवारी ने सफाई दी थी कि उन्होंने कोई लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन नहीं किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद से छुट्टी के बाद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा, ''दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में इस 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूंगा.. जाने अनजाने में कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना.. नए प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता जी को असंख्य बधाइयाँ''
टिप्पणियाँ